नई दिल्ली, 11 जुलाई।
वियतनाम के फु-क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को ले जा रही नाव हादसे में 15 लोगों की मौत पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। दोनों नेताओं ने विदेश मंत्रालय से वियतनामी अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर राहत और बचाव कार्यों में हरसंभव प्रयास करने की अपील की है।
मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर घटना को बेहद दुखद बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लापता लोगों के परिजनों के लिए साहस और संबल की कामना की। साथ ही विदेश मंत्रालय से स्थिति पर लगातार नजर रखने और वियतनामी प्रशासन के साथ मिलकर राहत कार्य तेज करने का आग्रह किया।
राहुल गांधी ने भी एक्स पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस हादसे से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति शोक व्यक्त किया और कहा कि लापता लोगों के परिवारों की पीड़ा को महसूस किया जा सकता है। उन्होंने सरकार और विदेश मंत्रालय से वियतनामी अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर राहत एवं बचाव अभियान प्रभावी ढंग से चलाने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
वियतनाम के अधिकारियों के अनुसार हादसे के समय नाव पर 32 भारतीय पर्यटक और चार चालक दल के सदस्य सवार थे। इस नाव हादसे में 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी 15 शवों को किनारे लाया जा चुका है। भारतीय दूतावास ने हनोई में कंट्रोल रूम स्थापित कर हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।











