मध्य प्रदेश के शहडोल जिले की कृष्णा कॉलोनी में शनिवार दोपहर एक निर्माणाधीन मकान की छत ढलाई के दौरान अचानक ढह गई। हादसे में मलबे के नीचे दबने से तीन मजदूर घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 28 स्थित कृष्णा कॉलोनी में धनपुरी निवासी मयंक अग्रवाल के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। शनिवार दोपहर छत की ढलाई के दौरान नीचे लगाए गए सेंटरिंग के लोहे के जैक और लकड़ी की बल्लियों का सपोर्ट अचानक खिसक गया। इसके बाद कंक्रीट का भारी ढांचा असंतुलित होकर नीचे गिर पड़ा और वहां काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और आसपास के लोगों ने तत्काल मलबा हटाने का काम शुरू किया। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान में सहयोग किया। मलबे से निकाले गए तीनों मजदूरों को एम्बुलेंस के जरिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। इनमें दो मजदूरों की स्थिति बेहद गंभीर बताई गई है।
पुलिस ने एहतियात के तौर पर निर्माण स्थल पर काम रुकवा दिया है। प्रारंभिक जांच में सेंटरिंग का सपोर्ट फेल होना हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।











