मध्य प्रदेश
11 Jul, 2026

नवीन संयुक्त कार्यालय परिसर में मंत्री पंवार ने किया पौधारोपण

राजगढ़ के नरसिंहगढ़ में हरियाली महोत्सव के तहत मंत्री नारायण सिंह पंवार और विधायक मोहन शर्मा ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश दिया।

राजगढ़, 11 जुलाई।

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ में हरियाली महोत्सव अभियान के तहत शनिवार को नवीन अनुविभागीय अधिकारी एवं तहसीलदार कार्यालय के संयुक्त शासकीय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्य मंत्री नारायण सिंह पंवार और स्थानीय विधायक मोहन शर्मा ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

पौधारोपण के बाद दोनों जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त शासकीय कार्यालय परिसर का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध नागरिक सुविधाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी ली।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री पंवार ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अंधाधुंध वृक्षों की कटाई, प्राकृतिक संसाधनों के अत्यधिक दोहन और बढ़ते प्रदूषण के कारण जलवायु परिवर्तन, अनियमित वर्षा, बढ़ता तापमान और जल संकट जैसी चुनौतियां सामने आ रही हैं।

उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि जल संरक्षण, मिट्टी की उर्वरता और जैव विविधता को सुरक्षित रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पेड़ मां के नाम अभियान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में चल रहे हरियाली महोत्सव एवं जल संरक्षण अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

मंत्री पंवार ने नवीन संयुक्त शासकीय परिसर को नरसिंहगढ़ के लोगों के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताते हुए कहा कि पहले विभिन्न विभाग अलग-अलग भवनों में संचालित होने से लोगों को परेशानी होती थी। अब अधिकांश विभाग एक ही परिसर में उपलब्ध होने से समय की बचत होगी और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता व गति आएगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील की।

विधायक मोहन शर्मा ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए प्रदेश सरकार लगातार वित्तीय स्वीकृतियां दे रही है। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और प्रशासनिक अधोसंरचना के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं।

|
आज का राशिफल

व्ययाधिक्य का अवसर आ सकता है। लाभदायक कार्यों की चेष्टाएं प्रबल होंगी। बुद्घितत्व की सक्रियता से अल्प लाभ का हर्ष होगा। कुछ महत्वपूर्ण कार्य बनाने के लिए भाग-दौड़ रहेगी। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। रुका हुआ लाभ आज प्राप्त हो सकता है। धार्मिक स्थलों की यात्रा का योग। शुभांक-4-6-8

आज का मौसम

भोपाल

26° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़