मंदसौर, 11 जुलाई।
मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में शुक्रवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा करजू और करनाखेड़ी गांव के बीच मगरा क्षेत्र में हुआ, जिसमें दोनों बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों मोटरसाइकिलें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान सीतामऊ तहसील निवासी राजवीर सिंह, पिता भरत सिंह, तथा नांदवेल निवासी 38 वर्षीय विष्णुलाल, पिता मांगीलाल, के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक राजवीर सिंह एक निजी माइक्रोफाइनेंस कंपनी में कलेक्शन एजेंट के रूप में कार्यरत थे। शुक्रवार देर रात वह भावगढ़ क्षेत्र से काम पूरा कर बाइक से मंदसौर लौट रहे थे। दूसरी ओर विष्णुलाल कृषि कार्य के सिलसिले में मंदसौर आए थे और अपने गांव नांदवेल वापस जा रहे थे। इसी दौरान करजू के पास दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे में दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया।
ग्राम करजू के सरपंच गोपाल पाटीदार ने बताया कि सूचना मिलते ही वह ग्रामीणों के साथ घटनास्थल पहुंचे। एक घायल को एम्बुलेंस और दूसरे को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार राजवीर सिंह की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल विष्णुलाल ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
पुलिस ने दोनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
हादसे के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है। वहीं क्षेत्र में भी इस घटना से गहरा दुख व्याप्त है।











