काराकास, 11 जुलाई।
वेनेजुएला में 24 जून को आए भीषण भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। 7.2 और 7.5 तीव्रता के इन दो शक्तिशाली झटकों के बाद से मरने वालों की संख्या अब 4,118 के पार पहुंच गई है। इस आपदा में 16,740 से अधिक लोग जख्मी हुए हैं और हजारों परिवार बेघर होकर शिविरों में शरण लेने को मजबूर हैं।
राष्ट्रीय असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज ने बताया कि सरकार की ओर से 86,794 प्रभावित परिवारों तक मदद पहुंचाई गई है। बचाव दलों ने मलबे से 6,462 लोगों को जीवित बाहर निकाला है। तटीय इलाके ला गुएरा में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है, जहां 800 से अधिक इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं और 190 इमारतें पूरी तरह जमींदोज हो गई हैं।
राहत कार्यों के तहत 9,766 मीट्रिक टन राशन और 1.39 करोड़ लीटर से अधिक पानी बांटा गया है। करीब 30,000 सरकारी कर्मचारी, हजारों स्वयंसेवक और अंतरराष्ट्रीय दल मिलकर राहत बचाव कार्य चला रहे हैं। लोगों की मदद के लिए 89 अस्थायी शिविर बनाए गए हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मदद के प्रयास तेज हो गए हैं। संयुक्त राष्ट्र इस देश के लिए 300 मिलियन डॉलर का फंड जुटा रहा है, वहीं वेनेजुएला सरकार अपनी वित्तीय संपत्तियों को अनलॉक करने के लिए आईएमएफ के साथ चर्चा कर रही है।
प्राकृतिक आपदा का यह दौर अभी थमा नहीं है। शुरुआती झटकों के बाद से अब तक 1,171 आफ्टरशॉक दर्ज किए गए हैं। महज 39 सेकंड के अंतराल पर आए इन दो बड़े झटकों ने पूरे देश में बड़े पैमाने पर मानवीय संकट खड़ा कर दिया है।










