उज्जैन, 11 जुलाई।
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर शनिवार को संभागायुक्त आशीष सिंह की अध्यक्षता में रेलवे एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में रेलवे और विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए समन्वय और समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
बैठक में कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, रेलवे के वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) पीयूष पाण्डेय, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, उज्जैन विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप सोनी सहित नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान रेलवे निर्माण कार्यों और नगर निगम, उज्जैन विकास प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग तथा विद्युत विभाग के कार्यों के बीच बेहतर समन्वय पर विभागवार चर्चा की गई। रेलवे स्टेशन को राज्य शासन द्वारा विकसित की जा रही सड़क से जोड़ने, स्टेशन पर जलापूर्ति कनेक्शन उपलब्ध कराने और अन्य आवश्यक अधोसंरचनात्मक सुविधाओं के विकास पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में रेलवे ट्रैक के समीप चल रहे निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि सुरक्षा बैरिकेडिंग (फेसिंग) लगाकर ही निर्माण कार्य किए जाएं। इसके अलावा रेलवे लाइन पर प्रस्तावित रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) और रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) के निर्माण कार्यों की प्रगति और तकनीकी पहलुओं की भी समीक्षा की गई।
संभागायुक्त आशीष सिंह ने निर्देश दिए कि सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।











