शिमला, 15 जुलाई।
राजधानी में नशा माफिया के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। स्पेशल सेल की टीम ने नए बस स्टैंड इलाके से चिट्टा तस्करी के आरोप में दो लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि टूटीकण्डी के संकल्प शर्मा और कोटखाई के श्याम लाल चंडीगढ़ से नशे की खेप लेकर शिमला पहुंच रहे हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस ने इलाके में जाल बिछा दिया।
टीम ने संदिग्ध मोटरसाइकिल को रुकवाकर जब तलाशी ली, तो सीट के नीचे से करीब सात ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत दोनों आरोपितों को हिरासत में ले लिया है।
एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि आरोपितों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर नशे के इस नेटवर्क के मुख्य सप्लायरों तक पहुँचने का प्रयास कर रही है।
आरोपितों को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय स्तर पर नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।















