अशोकनगर, 15 जुलाई।
केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया आज से मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के चार दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। अपने इस प्रवास के दौरान वे क्षेत्र को कई विकास कार्यों की सौगात देंगे और विभिन्न जन-सरोकारी कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, आज रात वे भोपाल से अशोकनगर पहुंचेंगे और सर्किट हाउस में विश्राम करेंगे। अगले दिन यानी 16 जुलाई की शुरुआत वे तार वाले बालाजी मंदिर में दर्शन के साथ करेंगे। इसके बाद वे अपने कार्यालय में जनसुनवाई कर आम लोगों की समस्याओं को सुनेंगे और निराकरण करेंगे।
दौरे के दौरान सिंधिया आजीविका मिशन की महिलाओं के साथ संवाद करेंगे और सेमरखेडी में विद्युत सब स्टेशन का विधिवत लोकार्पण करेंगे। 17 जुलाई को उनका दिन व्यस्त रहेगा, जिसमें वे कलेक्ट्रेट में डीवीएमसी की बैठक लेने के साथ ही प्रेस कांफ्रेंस को भी संबोधित करेंगे।
इसी दिन वे सेमरी शाहबाद में स्कूल भवन का लोकार्पण और अशोकनगर रेलवे स्टेशन के जीर्णोद्वार का उद्घाटन करेंगे। वे तुलसी सरोवर में पीएम स्वनिधि लाभार्थियों से संवाद करने के साथ ही परकना और सेहराई में विकास कार्यों की आधारशिला रखेंगे।
दौरे के अंतिम दिन 18 जुलाई को वे जागेश्वरी माता मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद पाठखेडा और मढ़ी महिदपुर में नवनिर्मित विद्युत सब स्टेशनों का लोकार्पण कर स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे और फिर ग्वालियर के लिए रवाना हो जाएंगे।















