महोबा, 15 जुलाई।
जिले में बेखौफ बदमाशों का तांडव देखने को मिला है। पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने पहुंचे एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर उसके दोनों हाथ काट दिए गए। इस दिल दहला देने वाली वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
सुभाष नगर निवासी विक्की ठाकुर अपनी गाड़ी में तेल डलवा रहा था, तभी पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उसे घेर लिया। कुल्हाड़ी और अन्य हथियारों से किए गए हमले में युवक बुरी तरह घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
पीड़ित के पिता ने इस हमला के पीछे भाजपा युवा मोर्चा के नेता और उसके सहयोगियों का हाथ बताया है। पिता का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते सुनियोजित तरीके से उनके बेटे को मारने की कोशिश की गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं।
पुलिस के अनुसार घटना के हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है। अधिकारियों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। फिलहाल विक्की जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।















