बागपत, 15 जुलाई।
जनपद के किशनपुर बराल में एक शराब पार्टी के दौरान दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक युवक की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतक की पहचान विनय उर्फ गादड़ के रूप में हुई है। अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण चौहान ने बताया कि मंगलवार की शाम विनय अपने दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था। तभी रितिक नाम का युवक बाइक से आया और उसने विनय के सिर में तमंचे से गोली मार दी।
गंभीर रूप से घायल विनय को बड़ौत सीएचसी ले जाया गया, जहाँ से डॉक्टरों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है, क्योंकि कुछ दिन पहले दोनों के बीच मारपीट हुई थी।
आरोपित रितिक की तलाश में रमाला थाना पुलिस ने कई जगह दबिश दी। मंगलवार देर रात पुलिस ने उसे सूप नहर के पास घेर लिया। खुद को घिरता देख रितिक ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपित रितिक घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास से तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस अग्रिम वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।















