नई दिल्ली, 15 जुलाई।
राजधानी की जनकपुरी थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण के मामले में तत्परता दिखाते हुए एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने महज 11 दिनों के भीतर इस केस की चार्जशीट अदालत में पेश कर दी है।
पीड़िता ने आरोप लगाया था कि आरोपित आसिफ उर्फ हनी ने धर्म छिपाकर उससे शादी का झूठा वादा किया और शारीरिक संबंध बनाए। बाद में उसने शादी से इनकार करते हुए पीड़िता के साथ मारपीट की और उसे निजी फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया। पुलिस ने पीड़िता का बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराया और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए। आरोपित का मोबाइल फोन जब्त कर उसे फॉरेंसिक जाँच के लिए भेजा गया है।
पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और लोकेशन का विश्लेषण कर पुख्ता सबूत इकट्ठे किए। आरोपित के कार्यस्थल से अटेंडेंस रिकॉर्ड भी साक्ष्य के तौर पर लिए गए हैं। समयबद्ध जाँच के चलते पुलिस ने रिकॉर्ड समय में चार्जशीट दाखिल कर दी है।
फिलहाल आरोपित न्यायिक हिरासत में है। अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट और प्रमाणित सीडीआर मिलने के बाद उन्हें अनुपूरक चार्जशीट के माध्यम से अदालत में पेश किया जाएगा। यदि आगे कोई नया साक्ष्य मिलता है तो जाँच जारी रहेगी।















