भोपाल, 22 जुलाई।
राजधानी के कटारा हिल्स थाना पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाते हुए दो अलग-अलग मामलों में स्मैक और गांजा बरामद कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक मामले में मादक पदार्थ की सप्लाई करने वाले अन्य आरोपितों की तलाश भी शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी सुनील दुबे के नेतृत्व में गठित टीम ने 19 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर ग्राम झागरिया में घेराबंदी कर अजय अहिरवार को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 4.37 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को स्मैक की सप्लाई करने वाले दो संदिग्धों के बारे में जानकारी मिली है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
एक अन्य कार्रवाई में 22 जुलाई को ग्राम बगरोदा इंडस्ट्रियल एरिया में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जितेंद्र पटेल को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 150 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब चार हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
कटारा हिल्स थाना पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।











