सतना, 22 जुलाई।
चित्रकूट स्थित सदगुरु सेवा संघ ट्रस्ट के अंतर्गत संचालित सदगुरु नेत्र चिकित्सालय, जानकीकुंड में आयोजित दो दिवसीय सामुदायिक स्पॉन्सर मिलन समारोह बुधवार को संपन्न हो गया। समापन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अंधत्व निवारण, नेत्र चिकित्सा सेवाओं के विस्तार और जरूरतमंद मरीजों तक उपचार पहुंचाने के संकल्प को दोहराया गया।
विद्याधाम सभागार में आयोजित समारोह का शुभारंभ ट्रस्ट के निदेशक एवं ट्रस्टी डॉ. इलेश जैन, महिला समिति की अध्यक्ष उषा जैन तथा अन्य अतिथियों ने गुरुदेव का पूजन और स्वर्गीय पद्मश्री डॉ. बी.के. जैन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
वक्ताओं ने कहा कि डॉ. बी.के. जैन ने अंधत्व निवारण और मानव सेवा के क्षेत्र में जो कार्य शुरू किए, उन्हें आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस दौरान समाजसेवियों ने मोतियाबिंद सहित अन्य नेत्र रोगों के उपचार सेवाओं का विस्तार करने और अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीजों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।
डॉ. इलेश जैन ने सभी अतिथियों और समाजसेवियों का स्वागत करते हुए कहा कि जिस प्रकार स्वर्गीय डॉ. बी.के. जैन को समाज का सहयोग और विश्वास मिला, उसी भावना के साथ ट्रस्ट मानव सेवा के कार्यों को और आगे बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि गुरुदेव की प्रेरणा से ट्रस्ट द्वारा संचालित सेवा प्रकल्पों और नेत्र चिकित्सालय की गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
कार्यक्रम में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नेत्र शिविरों के माध्यम से मरीजों तक उपचार पहुंचाने वाले समाजसेवियों को सम्मानित भी किया गया। डॉ. इलेश जैन ने बताया कि आने वाले समय में मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के प्रत्येक जिले और गांव तक नेत्र चिकित्सा शिविर पहुंचाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा, ताकि कोई भी जरूरतमंद मरीज उपचार से वंचित न रहे।
समारोह में मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश से आए बड़ी संख्या में समाजसेवियों के साथ सदगुरु नेत्र चिकित्सालय के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और ट्रस्ट के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











