छिंदवाड़ा, 22 जुलाई।
'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोली) ने बुधवार को मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में एक ही दिन में दो लाख पौधों का रोपण किया। संस्था ने इस अभियान को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने के लिए भी दावा प्रस्तुत किया है।
मध्यप्रदेश राज्य वन विकास निगम के छिंदवाड़ा परियोजना मंडल के उपसंभागीय प्रबंधक धनेंद्र वैद्य ने बताया कि अभियान के तहत महाराष्ट्र के विभिन्न खनन क्षेत्रों और मध्यप्रदेश में वेकोली के पेंच क्षेत्र स्थित धनकासा माइंस में कुल 62 हजार 500 पौधे लगाए गए। शेष पौधारोपण वेकोली के अन्य परियोजना क्षेत्रों में किया गया।
उन्होंने बताया कि वृक्षारोपण अभियान में मध्यप्रदेश राज्य वन विकास निगम, वेकोली के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ जनप्रतिनिधियों, स्कूली विद्यार्थियों तथा स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी के सहयोग से बड़े स्तर पर पौधारोपण का लक्ष्य पूरा किया गया।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश राज्य वन विकास निगम की संभागीय प्रबंधक एस. दीपिका, वेकोली के क्षेत्रीय मुख्य महाप्रबंधक श्री अग्रवाल, उपसंभागीय प्रबंधक धनेंद्र वैद्य, परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी राकेश मेश्राम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।










