अनूपपुर, 22 जुलाई।
मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र के मुर्रा गांव में मंगलवार-बुधवार की रात चोरों ने एक मकान में घुसकर नकदी, जेवर और घरेलू सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी के दौरान घर में मौजूद मां-बेटी को घटना की भनक तक नहीं लगी। पीड़ित परिवार ने करीब ढाई से तीन लाख रुपये के नुकसान का दावा किया है।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय मकान मालिक कमलेश सिंह गोंड ड्यूटी पर गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी और छोटी बेटी दूसरे कमरे में सो रही थीं। बुधवार सुबह कमलेश के घर लौटने पर चोरी का पता चला। कमरे में पहुंचने पर अलमारी, बर्तन रखने की पेटी और दीवान का सामान बिखरा मिला।
परिजनों ने घर के पीछे स्थित बाड़ी में दो अलमारियां खुली हुई देखीं। अलमारियों का सामान बाहर फैला हुआ था और उनमें रखे जेवर, बर्तन व अन्य कीमती सामान गायब थे।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी गोकुलानंद पांडे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह किसी संगठित गिरोह की करतूत प्रतीत होती है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, चोर घर से लगी सीढ़ी के सहारे रोशनदान तक पहुंचे और वहां से कुंडी खोलकर मकान के अंदर प्रवेश किया।
पुलिस के मुताबिक, चोर दोनों अलमारियों को उठाकर घर के पीछे बाड़ी में ले गए, जहां उन्होंने उन्हें खोलकर जेवर और अन्य सामान निकाल लिया। अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश जारी है।
पीड़ित कमलेश सिंह ने बताया कि घटना रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुई, जब वह हिंदुस्तान पावर प्लांट में अपनी ड्यूटी पर थे।










