भोपाल, 27 जुलाई।
मंगलवारा थाना पुलिस ने एसबीआई के एक एटीएम से इनवर्टर बैटरियां चोरी करने के मामले में एक आरोपी को घटना के कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई चार इनवर्टर बैटरियां और वारदात में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा बरामद किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 26 जुलाई को जैन मंदिर रोड स्थित एसबीआई एटीएम के निरीक्षण के दौरान चार इनवर्टर बैटरियां गायब मिलीं। शिकायतकर्ता विकास देवलिया की रिपोर्ट पर मंगलवारा थाने में धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अनीस अली (42) निवासी हरिजन बस्ती, टीलाजमालपुरा को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की चारों बैटरियां और घटना में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा बरामद कर लिया। मामले में फरार दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी थाना टीलाजमालपुरा का सूचीबद्ध गुंडा-बदमाश है। उसके खिलाफ टीलाजमालपुरा और गौतम नगर थानों में पहले से आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की गई है।

















