महोबा, 27 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में साइबर ठगी का एक बेहद शातिर मामला प्रकाश में आया है, जहां एक फर्नीचर व्यापारी को आसान शर्तों पर ऋण दिलाने का झांसा देकर उसका फर्जी बैंक खाता खुलवा लिया गया और फिर उसमें विभिन्न राज्यों से ठगी का काला धन मंगाया गया। बैंक प्रबंधक द्वारा संदिग्ध लेनदेन की जानकारी दिए जाने के बाद पीड़ित व्यापारी के होश उड़ गए और उसने मामले की शिकायत पुलिस से की।
शहर के सुभाष नगर इलाके के रहने वाले सार्थक कपूर ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी पत्नी खुशबू के नाम से लंबोदर लग्जरी शोरूम संचालित होता है। बीते जून माह में सदर कोतवाली क्षेत्र के बिलबई गांव का रहने वाला मंगल अपने एक अन्य साथी के साथ उनकी दुकान पर सामान खरीदने के लिए आया था, जिसके बाद उनका आना-जाना शुरू हो गया।
दुकानदार द्वारा पुराना मोबाइल बेचने का कार्य भी किया जाता था, जिसके चलते मंगल पच्चीस हजार का एक मोबाइल दस हजार रुपये देकर ले गया और शेष रकम न चुकाने पर व्यापारी ने कुछ दिनों बाद मोबाइल वापस ले लिया। इसके बाद आरोपी ने ऋण का लालच देकर उससे पहचान पत्र व अन्य जरूरी दस्तावेज हासिल कर लिए और एक बैंक कर्मी को साथ लाकर शोरूम की फोटो व औपचारिकताएं पूरी करवा लीं।
बैंक दस्तावेज और पासबुक आदि कागजात ऋण प्रक्रिया का झांसा देकर आरोपी अपने साथ ले गए और बाद में उसी खाते में बड़े पैमाने पर अवैध लेनदेन होने की बात सामने आई। जब बैंक मैनेजर का फोन आने पर पीड़ित ने अपने खाते की जांच की, तो पता चला कि खाते में साइबर ठगी की भारी-भरकम रकम ट्रांसफर की गई है, जिसके बाद हड़कंप मच गया।
साइबर थाना प्रभारी अर्जुन सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित की शिकायत पर बिलबई गांव निवासी मुख्य आरोपी मंगल समेत दो लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस टीम इस पूरे गिरोह के नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
















