पटना, 27 जुलाई।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के अंतिम चरण के प्रचार के तहत सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने पटना में रोड शो आयोजित किया। इसमें भाजपा और राजग के कई वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया।
रोड शो में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, वरिष्ठ नेता रवि शंकर प्रसाद, मंत्री विजय कुमार सिन्हा, श्रवण कुमार, संतोष कुमार सुमन, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी सहित गठबंधन के अन्य नेता शामिल हुए। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में राजग के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा भी पूरे रोड शो में मौजूद रहे।
भट्टाचार्य मोड़ से शुरू हुआ रोड शो शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान सड़क किनारे मौजूद लोगों ने नेताओं का स्वागत किया। कई स्थानों पर फूलों की वर्षा की गई और समर्थकों ने भाजपा एवं राजग के समर्थन में नारे लगाए।
रोड शो के दौरान सम्राट चौधरी और नितिन नवीन ने हाथ हिलाकर तथा हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया। कई स्थानों पर महिलाओं ने अपने घरों की बालकनियों और छतों से नेताओं का स्वागत किया। मार्ग में पारंपरिक वाद्य यंत्रों और स्वागत कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।
निर्धारित मार्ग के अनुसार रोड शो भट्टाचार्य मोड़ से शुरू होकर उमा सिनेमा, बुद्ध मूर्ति चौराहा, नाला रोड, ठाकुरबाड़ी रोड, रूपक सिनेमा और उद्योग भवन होते हुए मोना सिनेमा के पास पहुंचा, जहां इसका समापन जनसभा के साथ हुआ।
भाजपा और राजग की ओर से दावा किया गया कि रोड शो में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भागीदारी रही। पार्टी नेताओं ने इसे जनता के समर्थन का संकेत बताते हुए विश्वास जताया कि उपचुनाव में राजग उम्मीदवार को व्यापक जनसमर्थन मिलेगा।

















