धमतरी, 29 जुलाई।
मगरलोड विकासखंड में मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है। लगातार बरस रहे पानी से हर तरफ जलभराव की स्थिति बन गई है। सड़कों और रिहायशी इलाकों में पानी भर जाने से लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। इसके अलावा खेतों का हाल भी काफी बुरा हो चुका है।
क्षेत्र के किसान राजाराम साहू, कोमल साहू, रेवाराम, कुलेश्वर साहू, चमन साहू और सदन साहू ने अपनी परेशानी साझा की है। उन्होंने बताया कि धान की फसल पर बड़ा संकट मंडराने लगा है। बुवाई के तुरंत बाद लगातार बरस रहे पानी से खेत लबालब हो गए हैं। यदि समय पर पानी नहीं निकला तो फसल नष्ट होने की पूरी आशंका बनी हुई है।
ऐसी स्थिति में किसानों को दोबारा बुवाई करनी पड़ सकती है, जिससे आर्थिक और समय दोनों का भारी नुकसान होगा। दूसरी तरफ नगर पंचायत मगरलोड के कई वार्डों में नालियां जाम पड़ी हैं। इस वजह से गंदा पानी सीधे सड़कों पर बह रहा है और जलभराव हो रहा है।
रास्तों पर पानी भरने के कारण आम नागरिकों और स्कूली बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। परेशान लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नालियों की सफाई करवाई जाए और फसल नुकसान का सर्वे कराकर उचित राहत दी जाए।
















