जम्मू, 29 जुलाई।
पेरेंट्स एसोसिएशन जम्मू के अध्यक्ष अमित कपूर ने पत्रकार वार्ता में आरोप लगाया कि सरकार द्वारा रोक लगाए जाने के बावजूद कई निजी स्कूल अभिभावकों से एडमिशन फीस की वसूली कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने प्रवेश शुल्क लेने पर प्रतिबंध लगाया है, तो इसके बावजूद स्कूलों में यह शुल्क कैसे लिया जा रहा है। उन्होंने इस पूरे मामले पर सवाल उठाते हुए जवाबदेही तय करने की आवश्यकता बताई।
अमित कपूर ने शिक्षा मंत्री पर भी प्रश्न उठाए। उनका कहना था कि या तो उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है या फिर वह भी निजी स्कूलों के साथ मिली हुई हैं।
उन्होंने सरकार से पूरे मामले की जांच कराने और नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।















