जोधपुर, 29 जुलाई।
एआई तकनीक का इस्तेमाल कर साइबर अपराधियों ने एक महिला की फोटो को आपत्तिजनक रूप में एडिट किया और उसे वायरल करने की धमकी देकर साइबर ठगी का शिकार बना लिया। डर और लोकलाज का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने महिला से 5.76 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। मामले में बासनी थाने में जीरो नंबर पर एफआईआर दर्ज की गई है। जांच के लिए प्रकरण संबंधित थाने भेजा जाएगा। घटना 24 जुलाई की बताई गई है। फिलहाल जांच की जिम्मेदारी सरदारपुरा थानाधिकारी किशनलाल को सौंपी गई है।
पीड़िता के पति ने बासनी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 24 जुलाई को साइबर ठगों ने उनकी पत्नी को एआई से एडिट की गई आपत्तिजनक तस्वीर भेजी। इसके बाद उस फोटो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर महिला पर दबाव बनाया गया। बदनामी के भय से पीड़िता ने आरोपियों के बताए अनुसार अलग-अलग खातों में रकम भेजना शुरू कर दिया। इस तरह ठगों ने महिला से कुल 5 लाख 76 हजार 150 रुपये की धोखाधड़ी कर ली।
बाद में पीड़िता के पति को खाते से रकम निकलने की जानकारी मिली। पड़ताल करने पर पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ। इसके बाद बासनी थाने में जीरो नंबर पर एफआईआर दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

















