जम्मू, 29 जुलाई।
खराब मौसम को देखते हुए एहतियातन बुधवार को जम्मू-कश्मीर के डोडा और किश्तवाड़ जिले के अधिकांश क्षेत्रों में सरकारी और निजी स्कूल बंद रखने के निर्देश जारी किए गए।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों जिलों में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए ऑनलाइन कक्षाएं जारी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
डोडा में जिला विकास आयुक्त के निर्देशों के बाद मुख्य शिक्षा अधिकारी ने 29 जुलाई को पूरे जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित किया। यह फैसला छात्रों और स्कूल स्टाफ की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया।
किश्तवाड़ में भी जिला प्रशासन ने लगातार हो रही भारी बारिश, फिसलन भरी सड़कों और पत्थर गिरने की आशंका को देखते हुए सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रखने का आदेश दिया। हालांकि, किश्तवाड़ शहर में मालीपेठ से चेरहार तक स्थित स्कूलों को इस आदेश से छूट दी गई और वे खुले रहे।
अधिकारियों के अनुसार, डोडा, किश्तवाड़ और रामबन सहित पूरी चिनाब घाटी में सुबह करीब पांच बजे से मध्यम से भारी बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। मौसम विभाग की ओर से 31 अगस्त तक मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताए जाने के बाद प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।















