सांबा, 29 जुलाई।
सांबा जिले के एसआईडीसीओ फेज-1 औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार को मोटरसाइकिल की टक्कर से एक पैदल यात्री की मौत हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार भी घायल हुआ।
पुलिस के अनुसार, एसआईडीसीओ फेज-1 से गुजरते समय मोटरसाइकिल सवार ने पैदल चल रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल सांबा पहुंचाया गया।
बाद में पैदल यात्री की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एम्स विजयपुर रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान नेपाल निवासी चंद्रपाल के पुत्र राजू के रूप में हुई है। हादसे में घायल मोटरसाइकिल सवार की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है।















