बीजापुर, 29 जुलाई।
इस बार बीजापुर जिले के लिए स्वतंत्रता दिवस का पर्व बेहद अनूठा और ऐतिहासिक होने जा रहा है। लगभग चार दशकों के लंबे अंतराल के बाद पूरा जिला एक नए और भयमुक्त वातावरण में जश्न मनाएगा। आगामी राष्ट्रीय पर्व की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसे लेकर कलेक्टर विश्वदीप ने बुधवार को एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जाए। हर ग्रामीण और शहरी आवास पर शान से राष्ट्रीय ध्वज फहराना सुनिश्चित किया जाए। इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी एसडीएम, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और नगरीय निकायों के सीएमओ को विशेष तौर पर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है कि इस राष्ट्रीय पर्व की गूंज दूरस्थ और अंदरूनी इलाकों तक प्रभावी रूप से पहुंचे। इसके लिए सभी सरकारी दफ्तरों में तिरंगा फहराने की पूरी तैयारी कर ली गई है। त्योहार के इस उल्लास को और बढ़ाने के लिए पंद्रह अगस्त की पूर्व संध्या पर तमाम सरकारी भवनों को भव्य और आकर्षक रोशनी से सजाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
















