बलौदाबाजार, 29 जुलाई।
जिले में पिछले चौबीस घंटों से हो रही लगातार बारिश के कारण जनजीवन और आवागमन पर भारी असर पड़ा है। मूसलाधार पानी गिरने से सभी नदी-नाले उफान पर हैं और कई जगहों पर बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो चुका है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।
खतरनाक जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने जिले के कुल पांच पुल आवागमन के लिए पूरी तरह बंद कर दिए हैं ताकि कोई बड़ा हादसा न हो सके। मिली जानकारी के अनुसार पलारी विकासखंड के अंतर्गत महानदी अमेठी घाट पुल के ऊपर दो फीट तक पानी बह रहा है।
इसके अलावा भाटापारा सुहेला मार्ग के जमुनिया नाला पुल, भंवरगढ़-बरडीह मार्ग और शिकारी केशली मारह के पुलों पर भी एक-एक फीट पानी बह रहा है। बलौदाबाजार विकासखंड के अचानकपुर चेक डेम के ऊपर भी दो फीट पानी बहने के कारण वहां आवागमन रोक दिया गया है।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को इन संवेदनशील पुलों पर कड़ी नजर रखने के सख्त निर्देश दिए हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करते हुए इन सभी पांचों स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाने और सरकारी कर्मचारियों की तैनाती करने के आदेश दिए गए हैं।
ग्रामीण इलाकों में लोगों को खतरे के प्रति आगाह करने के लिए कोटवारों के जरिए मुनादी कराई जा रही है ताकि कोई भी जोखिम न उठाए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत और आपदा प्रबंधन दल, होमगार्ड तथा पुलिस विभाग की टीमों को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है।
















