जगदलपुर, 29 जुलाई।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित सखी निवास और शक्ति सदन में रिक्त पदों पर संविदा भर्ती की प्रक्रिया को लेकर नई जानकारी सामने आई है। इस संबंध में पात्र और अपात्र आवेदकों की संशोधित सूची अब जिले की आधिकारिक वेबसाइट के साथ-साथ कार्यालय के सूचना पटल पर भी उपलब्ध करा दी गई है।
विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार संबंधित उम्मीदवार इस सूची का अवलोकन कर सकते हैं और यदि कोई त्रुटि हो तो अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि आगामी पांच अगस्त शाम साढ़े पांच बजे तक निर्धारित की गई है जिसके बाद किसी भी तरह के आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आवेदक अपनी दावा-आपत्ति रजिस्टर्ड डाक, स्पीड पोस्ट या फिर कोरियर के माध्यम से ही भेज सकते हैं। ई-मेल या सीधे कार्यालय में उपस्थित होकर जमा किए जाने वाले आवेदन मान्य नहीं किए जाएंगे इसलिए तय माध्यम का ही उपयोग करना अनिवार्य है। इस पूरी प्रक्रिया के बाद विभाग द्वारा जारी की जाने वाली सूची ही अंतिम मानी जाएगी जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई पूरी की जाएगी।















