Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव

पश्चिम बंगाल
29 Jul, 2026

पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, किसानों की फसल डूबी और राहत कार्य तेज

पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में भारी बारिश के कारण कई इलाके जलमग्न हो गए हैं जिससे किसानों की फसलें डूबने के खतरे के बीच प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने राहत कार्य तेज कर दिए हैं।

पश्चिम मेदिनीपुर, 29 जुलाई।

पश्चिम मेदिनीपुर तथा झाड़ग्राम जिलों में पिछले कई दिनों से मूसलाधार वर्षा का क्रम जारी रहने से जनजीवन पूरी तरह चरमरा गया है। अनेक निचले इलाके पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं, और हजारों बीघा कृषि भूमि पानी में डूब जाने के कारण किसानों के सम्मुख गंभीर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। प्रशासन, जनप्रतिनिधि और तमाम सामाजिक संगठन प्रभावित क्षेत्रों में युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चलाने में जुटे हुए हैं।

पश्चिम मेदिनीपुर के मोहनपुर प्रखंड के कई गांवों में बारिश का पानी भर जाने से सामान्य दिनचर्या अस्त-व्यस्त हो गई है। निचले क्षेत्रों के साथ-साथ विशाल फसल भूमि भी पानी में डूब गई है, जिससे हाल ही में लगाई गई अमन धान की फसल के लंबे समय तक जलमग्न रहने के कारण उसके पूरी तरह नष्ट होने की आशंका बढ़ गई है। अन्नदाताओं का कहना है कि यदि जल्द ही जल निकासी नहीं की गई तो इस वर्ष भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। बुधवार की सुबह जब विधायक और प्रशासनिक अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे, तब स्थानीय लोगों ने पानी निकालने की उचित व्यवस्था करने और पीड़ित किसानों को सरकारी सहायता देने की पुरजोर मांग उठाई।

इसी कड़ी में दांतन प्रखंड के आइकला ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले हरिपुरा और षड़रंग जैसे अनेक गांवों में भी खेती की जमीन जलमग्न हो चुकी है। किसानों ने कर्ज लेकर धान की फसल उगाई थी, परंतु निरंतर वर्षा के चलते उनकी महीनों की मेहनत खतरे में पड़ गई है। स्थानीय किसान हरिपदो दास का कहना है कि यदि मौसम जल्द सामान्य नहीं हुआ तो नुकसान और अधिक बढ़ जाएगा।

उधर, नारायणगढ़ प्रखंड के बेलदा और बाखराबाद ग्राम पंचायतों के कई भागों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए स्थानीय विधायक रमाप्रसाद गिरि नाव पर सवार होकर जलमग्न बस्तियों में पहुंचे और घर-घर जाकर राहत सामग्री तथा तिरपाल वितरित किए। उन्होंने लोगों की समस्याओं को ध्यान से सुना और हरसंभव मदद का आश्वासन देते हुए कहा कि सरकार और प्रशासन हर कदम पर पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़े हैं।

बाढ़ प्रभावित इन क्षेत्रों में विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता भी राहत कार्यों में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के पश्चिम मेदिनीपुर जिलाध्यक्ष समित मंडल की अगुवाई में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नारायणगढ़ के काठालिया क्षेत्र में बीती मंगलवार देर रात मूसलाधार बारिश के बीच पहुंचकर प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री बांटी।

इस बीच, केशियाड़ी के लेंगामारा पुल के नजदीक अस्थायी सड़क की स्थिति का जायजा लेने के वास्ते पश्चिम मेदिनीपुर की पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने वैकल्पिक मार्ग, सुचारू यातायात व्यवस्था और सुरक्षा उपायों की बारीकी से समीक्षा की। तेज जलप्रवाह के कारण पूर्व में बनी अस्थायी सड़क के बह जाने के बाद प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए नई अस्थायी सड़क तैयार कर याचयात को पुनः सुचारू किया था।

दूसरी ओर, झाड़ग्राम जिले में कंसाबती नदी के पानी में डूबने से गत मई माह में अपनी जान गंवाने वाले दो किशोरों के परिजनों को मंगलवार के दिन चार-चार लाख रुपये की सरकारी आर्थिक सहायता प्रदान की गई। विधायक लक्ष्मीकांत साउ ने प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों परिवारों को क्षतिपूर्ति के चेक सौंपे और आने वाले समय में भी हरसंभव सहयोग बनाए रखने का भरोसा दिया।

लगातार हो रही बारिश के चलते प्रभावित क्षेत्रों के किसानों की चिंताएं लगातार गहराती जा रही हैं। प्रशासन पूरी स्थिति पर पैनी नज़र बनाए हुए है, और राहत एवं पुनर्वास कार्यों को तेज करने के साथ-साथ जल निकासी तथा फसल नुकसान के आकलन की प्रक्रिया को भी आरंभ कर दिया गया है।

|
आज का राशिफल

बुद्घि व धन का दुरूपयोग न करें। व्यापार में स्थिति नरम रहेगी। भ्रातृपक्ष में विरोध की संभावना है। आय-व्यय समान रहेगा। स्वास्थ्य ठीक रहेगा। व्यर्थ प्रपंच में समय न गंवाकर काम पर ध्यान दीजिए। मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। मान-सम्मान में वृद्घि होगी। शुभांक-2-5-7

आज का मौसम

भोपाल

25° / 28°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़