जम्मू, 31 जुलाई।
अमरनाथ यात्रा का 24वां जत्था शुक्रवार तड़के जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से बालटाल बेस कैंप के लिए रवाना हुआ। जत्थे में शामिल 1,605 श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के आगे बढ़ गए।
यात्रियों का यह जत्था सुबह 2:42 बजे 54 वाहनों के काफिले के साथ रवाना हुआ। इसमें 38 बसें, सात मध्यम श्रेणी के वाहन और नौ छोटे वाहन शामिल थे।
जत्थे में 1,215 पुरुष, 335 महिलाएं, 48 साधु, पांच साध्वी और साधुओं के साथ दो बच्चे शामिल हैं। इस वर्ष भगवती नगर बेस कैंप से रवाना होने वाले यात्रियों की कुल संख्या 1,35,806 पहुंच गई है।
यात्रियों के आगे निकलने के बाद जरूरी मरम्मत कार्यों के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर यातायात रोक दिया गया है। जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रखी गई है।
उधमपुर और रामबन प्रशासन के आदेश के बाद यह कदम उठाया गया है। गंगरू, किश्तवाड़ी पत्थर, समरोली और लाधा जैसे संवेदनशील स्थानों पर सड़क मरम्मत, मलबा हटाने और ढलान को मजबूत करने का काम किया जाना है।
अधिकारियों के अनुसार यातायात रोकने से पहले अमरनाथ यात्रियों का जत्था राजमार्ग के प्रभावित हिस्से को पार कर चुका था। इसके बाद ही मरम्मत कार्य के लिए रास्ता बंद किया गया।















