काठमांडू, 31 जुलाई।
नेपाल के सुनसरी जिले के देवानगंज में हुई हिंसा के बाद मधेश प्रदेश के कई इलाकों में तनाव की स्थिति बनी हुई है। हालात को देखते हुए सप्तरी जिला प्रशासन ने राजविराज क्षेत्र में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया है।
प्रशासन के आदेश के अनुसार, राजविराज क्षेत्र में शुक्रवार सुबह 8 बजे से अगले आदेश तक कर्फ्यू जारी रहेगा। इससे पहले गुरुवार रात 10 बजे से बोदेबरसाइन क्षेत्र में भी कर्फ्यू लगाया गया था।
जिला प्रशासन ने कहा है कि कर्फ्यू का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था कायम रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।
बोदेबरसाइन नगरपालिका क्षेत्र में पहले से ही कर्फ्यू लागू है। सप्तरी में गुरुवार को हुए प्रदर्शन के बाद प्रशासन सतर्क है और क्षेत्र में सुरक्षा बल गश्त कर रहे हैं।
















