नई दिल्ली, 31 जुलाई।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और रक्षा मंत्री समेत कई नेताओं ने पदक विजेताओं को बधाई दी है। नेताओं ने खिलाड़ियों की उपलब्धि को देश के लिए गर्व का क्षण बताया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने महिलाओं के डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक जीतने वाली सीमा कालीरामना को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सफलता उनके समर्पण, मेहनत और दृढ़ संकल्प का परिणाम है।
राष्ट्रपति ने पुरुषों के 110 किग्रा से अधिक भार वर्ग में रजत पदक हासिल करने वाले लवप्रीत सिंह को भी बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ी के प्रदर्शन को ताकत, लगन और निरंतर प्रयास का प्रतीक बताया।
उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों खिलाड़ी आगे भी देश का नाम रोशन करते रहेंगे। उनकी उपलब्धियां युवा खिलाड़ियों, खासकर महिलाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों की सफलता ने देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धियां आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों को प्रेरणा देंगी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पदक विजेताओं के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, शक्ति और मजबूत संकल्प ने उन्हें यह सफलता दिलाई है।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी जीत पूरी लगन, फोकस और मेहनत का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
















