बीरभूम, 31 जुलाई।
बीरभूम जिले में विवादों में घिरे पत्थर कारोबारी और राजनीतिक दल के नेता अनुव्रत मंडल के करीबी माने जाने वाले टुलु मंडल पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। अवैध रूप से बेशकीमती संपत्ति और भारी नकदी का राजफाश होने के बाद अब प्रशासन ने सिउड़ी स्थित उनके आलीशान आवासों की गहराई से छानबीन शुरू कर दी है।
शुक्रवार को भारी पुलिस बल ने सिउड़ी के सुभाषपल्ली में स्थित लग्जरी मकान पर कई घंटे तक ताबड़तोड़ तलाशी अभियान चलाया, हालांकि इस दौरान परिवार का कोई भी सदस्य घर पर मौजूद नहीं मिला। पुलिस कर्मियों ने घर की देखरेख करने वाले कर्मचारियों से कड़ाई से पूछताछ की और वहां रखे सभी अहम दस्तावेजों को खंगाला।
प्रारंभिक तफ्तीश में अधिकारियों को दो भव्य मकानों का पता चला है जिनमें लिफ्ट, आधुनिक जिम और महंगे इंटीरियर जैसी सुख-सुविधाएं मौजूद हैं। जांच एजेंसियां इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही हैं कि इन आलीशान इमारतों के निर्माण में लगा हुआ धन कहाँ से आया और इसके वित्तीय स्रोत क्या हैं।
इससे पूर्व की कार्रवाई में लगभग पचास करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति और कीमती सामान मिलने का दावा किया जा चुका है जिसके बाद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था और अब संपत्तियों की परतें उधेड़ी जा रही हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह दायरा सिर्फ घरों तक ही सीमित नहीं है बल्कि बैंक खातों और बेनामी संपत्तियों की भी जाँच की जा रही है जिससे आने वाले दिनों में कई और बड़े खुलासे होने की पूरी संभावना है।
















