नई दिल्ली, 2 अगस्त।
आईआईटी दिल्ली में हैंडलूम हैकाथॉन 2.0 के दूसरे संस्करण का समापन हो गया। वस्त्र मंत्रालय के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य तकनीक, डिजाइन, उद्यमिता और टिकाऊ समाधानों के माध्यम से भारत के हथकरघा क्षेत्र को मजबूत बनाना था।
इस हैकाथॉन ने नवाचार से जुड़े विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं, शिक्षकों और हथकरघा विशेषज्ञों को एक साझा मंच उपलब्ध कराया। प्रतिभागियों ने करघों के आधुनिकीकरण, डिजाइन में नवाचार, टिकाऊ विकास, बाजार तक पहुंच और बुनकरों की आजीविका से जुड़े विषयों पर तकनीक आधारित समाधान प्रस्तुत किए।
वस्त्र मंत्रालय के अनुसार, इस आयोजन में 2,500 से अधिक लोगों ने भाग लिया। इनमें देशभर से चयनित शीर्ष 100 टीमों का प्रतिनिधित्व करने वाले 280 प्रतिभागी शामिल थे, जिन्होंने हथकरघा क्षेत्र के लिए तकनीक आधारित समाधान विकसित किए।
हैकाथॉन में प्रस्तुत विजेता समाधानों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित बुनकर आजीविका मंच, डिजिटल बाजार पहुंच के साधन और करघों के आधुनिकीकरण तथा डिजाइन नवाचार से जुड़े अन्य तकनीकी समाधान शामिल रहे।













