अहमदाबाद, 2 अगस्त।
देश के गुजरात, ओडिशा और केरल में बाढ़ की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। गुजरात में मौसम विभाग ने आज मोरबी, सुरेंद्रनगर, राजकोट और अहमदाबाद समेत छह जिलों के लिए भारी से अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। बारिश का दौर अब सौराष्ट्र क्षेत्र की ओर बढ़ गया है, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है।
ओडिशा में बाढ़ की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार के संकेत मिले हैं, लेकिन महानदी बेसिन की उफनती नदियां निचले इलाकों के लिए अब भी खतरा बनी हुई हैं। कटक, पुरी, जगतसिंहपुर, केंद्रापाड़ा और खुर्दा जिलों में बाढ़ का पानी पूरी तरह नहीं उतरा है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने प्रभावित जिलों में राहत और पुनर्बहाली कार्यों की निगरानी के लिए चार मंत्रियों की तैनाती की है। साथ ही अधिकारियों को नुकसान का आकलन और पुनर्वास कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील तटीय और नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
केरल में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है और कई क्षेत्रों में व्यापक नुकसान हुआ है। तिरुवनंतपुरम और कोल्लम को छोड़कर 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लगातार हो रही तेज बारिश को देखते हुए लोगों से विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
खराब मौसम और समुद्र की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए राज्य के तटीय क्षेत्रों में मछली पकड़ने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। राज्य सरकार ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिए हैं। अब तक छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि चार लोग अब भी लापता बताए गए हैं।












