जयपुर, 03 अगस्त।
राजधानी जयपुर के ट्रांसपोर्ट नगर थाना क्षेत्र में बिजली बिल अपडेट करने के नाम पर एक व्यक्ति को साइबर ठगी का शिकार बनाया गया। जालसाजों ने के-नंबर के साथ फर्जी लिंक भेजा और उस पर क्लिक करते ही पीड़ित का मोबाइल हैक कर 1.95 लाख रुपये बैंक खाते से निकाल लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थानाधिकारी राजेंद्र प्रसाद मीणा के अनुसार, जगतपुरा स्थित गांधी विहार निवासी शकील अहमद (53) ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके मोबाइल पर बिजली बिल अपडेट करने का संदेश आया था, जिसमें बिल का के-नंबर और भुगतान के लिए एक लिंक भेजा गया था।
बिल अपडेट करने के उद्देश्य से शकील अहमद ने जैसे ही लिंक खोला, आरोप है कि उनका मोबाइल साइबर ठगों के नियंत्रण में चला गया। इसके बाद आरोपितों ने उनके बैंक खाते से 1.95 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए।
कुछ समय बाद बैंक खाते से रकम कटने का संदेश मिलने पर पीड़ित को ठगी की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने तत्काल ट्रांसपोर्ट नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आईटी एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर साइबर ठगों की तलाश शुरू कर दी है।
















