सारण, 03 अगस्त।
सारण जिले की नगरा थाना पुलिस ने मंदिर में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई अष्टधातु की मूर्तियां और पूजा में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद कर ली।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 14 जुलाई की है। उस दौरान चोर मंदिर का ताला तोड़कर अष्टधातु की मूर्तियां, पूजा के बर्तन और एक एम्प्लीफायर लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
अनुसंधान के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पानापुर थाना क्षेत्र के रसौली पिंडी टोला निवासी चन्दन मिश्र को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपित की निशानदेही पर लड्डू गोपाल, हनुमान जी, शंकर जी और नागदेव की धातु की मूर्तियां, सात कटोरी, पांच गिलास, एक थाली, एक लोटा तथा एम्प्लीफायर बरामद किया गया। पुलिस आरोपित के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

















