सुलतानपुर, 03 अगस्त।
सुलतानपुर के विनोबापुरी स्थित जल निगम परिसर में सोमवार को तालाब में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के सरैया (फरीदपुर) निवासी मोहम्मद साकिब (25) के रूप में हुई है। वह बचपन से ही कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के लोलेपुर चौहानी स्थित अपने मामा इलियास के घर रह रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक सुरेश नारायण मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और फील्ड यूनिट ने तालाब से शव बाहर निकालकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया है कि साकिब के गले पर चोट के निशान मिले हैं। उनका कहना है कि इन निशानों के कारण डूबने से मौत होने की संभावना पर संदेह पैदा होता है।
क्षेत्राधिकारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि लोलेपुर चौहानी स्थित तालाब में शव मिलने की सूचना पर पुलिस और फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर मोहम्मद साकिब का शव बरामद किया। उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। आगे की कानूनी कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

















