राजगढ़, 03 अगस्त।
राजगढ़ जिले के खुजनेर थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार सुबह शिव मंदिर जा रही 16 वर्षीय नाबालिग से कथित छेड़छाड़, पीछा करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपित के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत में बताया कि वह सोमवार सुबह पूजा-अर्चना के लिए गांव के शिव मंदिर जा रही थी। इसी दौरान मोहल्ले का रहने वाला अनिल पुत्र कैलाश उसका पीछा करते हुए रास्ते में पहुंच गया। आरोप है कि उसने किशोरी को रोककर अभद्र व्यवहार किया और आपत्तिजनक बातें करते हुए पूछा कि उसने उसकी मां से शिकायत क्यों की।
पीड़िता के विरोध करने पर आरोपित ने उसे जान से मारने की धमकी दी और वहां से फरार हो गया। किशोरी ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपित पहले भी कई बार उसका पीछा कर उसे परेशान कर चुका है। लगातार हो रही इन घटनाओं के कारण वह भय और मानसिक तनाव में थी।
घटना के बाद पीड़िता अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 78, 79, 351(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 11(1)(आई) और 12 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि घटना के बाद से आरोपित फरार है। उसकी तलाश की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

















