देवरिया, 03 अगस्त।
रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों में होने वाली चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी देवरिया ने सोमवार को एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से चोरी का मोबाइल और नकदी भी बरामद की गई है।
पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया सविरत्न गौतम ने बताया कि जीआरपी टीम ने देवरिया सदर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो के पूर्वी साइन बोर्ड के पास से अभय भगत (23) निवासी कीलपुर मिसिरचक, थाना नौतन, जिला सिवान (बिहार) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह अपना खर्च चलाने के लिए ट्रेनों और रेलवे प्लेटफॉर्मों पर यात्रियों के मोबाइल और अन्य सामान चोरी करता था। उसने बताया कि कुछ महीने पहले उसने एक महिला यात्री का पर्स चुराया था, जिसमें मोबाइल और नकदी रखी थी। सोमवार को वह चोरी का मोबाइल बेचने और फिर से चोरी की वारदात करने के इरादे से स्टेशन पहुंचा था, लेकिन जीआरपी टीम ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चोरी का एक एंड्रॉयड मोबाइल और 1,200 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत 7,200 रुपये बताई गई है।
आरोपित को गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार, कांस्टेबल अरविंद यादव, गोविंद उपाध्याय तथा आरपीएफ पोस्ट देवरिया के कांस्टेबल हरी प्रताप यादव शामिल रहे।

















