हरिद्वार, 03 अगस्त।
श्रावण मास में चल रहे कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार में शिवभक्तों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। मेले के पांचवें दिन सोमवार को 32 लाख 25 हजार से अधिक कांवड़िये पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
सोमवार शाम मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम से जारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक हरिद्वार से गंगाजल लेकर रवाना होने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या एक करोड़ 9 लाख 10 हजार के पार पहुंच गई है। लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या के बीच घाटों पर दिनभर आस्था का उत्साह देखने को मिला।
हर की पैड़ी समेत हरिद्वार के विभिन्न घाटों पर सुबह से ही शिवभक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगाजल भरकर अपनी कांवड़ यात्रा की शुरुआत की और भगवान शिव के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
भीड़ को देखते हुए पुलिस, प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों की टीमें पूरे मेला क्षेत्र में लगातार तैनात हैं। सोमवार को पुलिस महानिरीक्षक (एसटीएफ) निलेश आनंद भरणे और पुलिस उप महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) धीरेंद्र सिंह गुंज्याल ने हरिद्वार पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
जिला प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से निर्धारित यात्रा मार्गों का पालन करने, पुलिस और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने तथा सुरक्षित, व्यवस्थित और स्वच्छ कांवड़ यात्रा के संचालन में सहयोग करने की अपील की है।

















