पन्ना, 03 अगस्त।
मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बृहस्पति कुंड में सेल्फी लेते समय गहरी खाई में गिरने वाले युवक का शव करीब 24 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने लगातार चले सर्च ऑपरेशन के बाद सोमवार को जलकुंड से शव निकाला।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सुखेंद्र उर्फ छोटू, निवासी राजगढ़ (थाना बृजपुर) के रूप में हुई है। वह रविवार को अपने पांच साथियों के साथ बृहस्पति कुंड घूमने आया था। इस दौरान फोटो और सेल्फी लेते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सैकड़ों फीट गहरे जलकुंड में गिर गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। हालांकि तेज जलप्रवाह, अधिक गहराई और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण रविवार को युवक का पता नहीं चल सका।
सोमवार को करीब 24 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद एसडीआरएफ ने जलकुंड से युवक का शव बरामद कर लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
हाल के दिनों में ग्लास ब्रिज शुरू होने के बाद बृहस्पति कुंड में पर्यटकों की संख्या बढ़ी है। इसके साथ ही खतरनाक स्थानों पर जाकर सेल्फी और वीडियो बनाने की घटनाएं भी बढ़ी हैं। प्रशासन ने पहले से सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश और प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं, लेकिन उनके पालन को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही पर्यटकों से अपील की है कि पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा नियमों का पालन करें और जोखिम वाले स्थानों पर जाकर फोटो या सेल्फी लेने से बचें।

















