भोपाल, 03 अगस्त।
भोपाल जिले में केंद्र और राज्य सरकार की महत्वपूर्ण परियोजनाओं की निगरानी अब 'डीएम प्रगति पोर्टल' के माध्यम से की जाएगी। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि पोर्टल से विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा की जा सकेगी।
सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने बताया कि पोर्टल पर सभी संबंधित विभागों को अलग-अलग लॉगिन आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके माध्यम से मेट्रो, एमएसएमई, अधोसंरचना परियोजनाओं सहित अन्य विकास कार्यों की प्रगति पर स्वयं कलेक्टर निगरानी रखेंगे। उन्होंने अधिकारियों को परियोजनाओं की जानकारी समय-समय पर पोर्टल पर अपडेट करने और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में हर घर तिरंगा अभियान-2026 की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। यह अभियान 9 से 17 अगस्त तक आयोजित होगा। इसके तहत तिरंगा रैली सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और शहरी क्षेत्रों के लिए नगर निगम आयुक्त को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया। उन्होंने सभी एडीएम, एसडीएम, राजस्व अधिकारियों और अन्य विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व मामलों, लोक सेवा गारंटी, जनसुनवाई और नागरिकों से प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि हर शुक्रवार सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र का भ्रमण कर विकास कार्यों, शासकीय संस्थानों और निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण करें। साथ ही नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से संवाद कर समस्याओं के समाधान का प्रयास करें।
कलेक्टर ने कहा कि भ्रमण के बाद निरीक्षण प्रतिवेदन, फोटोग्राफ और की गई कार्रवाई का विवरण उसी दिन या अगले कार्यदिवस की सुबह तक कलेक्टर कार्यालय और जिला पंचायत कार्यालय में अनिवार्य रूप से प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को शासन के निर्देशों का गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए।

















