भोपाल, 03 अगस्त।
मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेशभर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों और स्थानीय समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
उप मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं की शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके।
बैठक के दौरान कई मामलों में मौके पर ही आवश्यक निर्देश जारी किए गए। वहीं, जिन प्रकरणों का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उन्हें संबंधित विभागों को भेजकर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जगदीश देवड़ा ने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार जनहित के मुद्दों के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और नागरिकों से जुड़े मामलों पर प्राथमिकता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

















