धार, 03 अगस्त।
राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग की कार्यवाहक अध्यक्ष विजया भारती सयानी ने सोमवार को मध्य प्रदेश के धार जिले के प्रवास के दौरान जिला जेल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ बंदियों से भी संवाद किया।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ एडवोकेट अश्विनी के. जोशी, एडवोकेट अतुल सिंह ठाकुर और पूनम हिरवानी भी मौजूद रहे। जिला जेल के भ्रमण के समय जेल अधीक्षक राजाराम डांगी ने आयोग की टीम को जेल परिसर का विस्तृत निरीक्षण कराया।
कार्यवाहक अध्यक्ष ने बैरकों, रसोईघर, चिकित्सा कक्ष, सफाई व्यवस्था तथा बंदियों के खान-पान और रहन-सहन की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने बंदियों से सीधे बातचीत कर मानवाधिकारों के संरक्षण, स्वास्थ्य सुविधाओं और जेल प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी भी ली।
निरीक्षण के बाद विजया भारती सयानी ने जिला जेल में उपलब्ध सुविधाओं, स्वच्छ वातावरण और अनुशासित प्रबंधन की सराहना की। उन्होंने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए जेल प्रशासन के प्रयासों की प्रशंसा की।
इस दौरान जेल अधीक्षक राजाराम डांगी सहित जेल विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

















