Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव

मध्य प्रदेश
03 Aug, 2026

MP में हर घर तिरंगा अभियान की तैयारी, 9 से 17 अगस्त तक होंगे देशभक्ति के कार्यक्रम

मध्य प्रदेश में 9 से 17 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा' अभियान चलेगा। इस बार अभियान को 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूरे होने के उत्सव से जोड़ा गया है, जबकि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

भोपाल, 03 अगस्त।

मध्य प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 'हर घर तिरंगा' अभियान 9 से 17 अगस्त 2026 तक पूरे प्रदेश में जनभागीदारी के साथ चलाया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव शिवशेखर शुक्ला ने सभी संभागायुक्तों और कलेक्टरों को अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश जारी किए हैं।

अभियान के तहत प्रदेशभर में तिरंगा यात्रा, तिरंगा मेले, बाइक एवं साइकिल रैलियां, तिरंगा रंगोली, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, प्रश्नोत्तरी, मानव श्रृंखला, तिरंगा एंथम और सैन्य बलों एवं पुलिसकर्मियों को पत्र लेखन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्थानीय स्व-सहायता समूहों और उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से नागरिकों के लिए राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी।

इस वर्ष अभियान को 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूरे होने के उत्सव से भी जोड़ा गया है। निर्देशों के अनुसार, जिन शासकीय एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान दोनों प्रस्तुत किए जाएंगे, वहां पहले राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' और उसके बाद राष्ट्रगान 'जन गण मन' प्रस्तुत किया जाएगा। सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रगीत के दौरान सम्मानपूर्वक सावधान की मुद्रा में खड़े रहने के निर्देश दिए गए हैं।

सरकार ने नागरिकों से 'हर घर तिरंगा' पोर्टल पर तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड करने और सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान में व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील भी की है।

इसके अलावा 14 अगस्त को 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' संवेदनशीलता के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिला एवं संभाग स्तर पर मौन जुलूस, श्रद्धांजलि सभाएं, विभाजन से प्रभावित परिवारों के अनुभव साझा कराने के कार्यक्रम तथा ऐतिहासिक प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य विभाजन की त्रासदी को स्मरण करते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति संकल्प को मजबूत करना है।

राज्य सरकार ने सभी जिलों, विकासखंडों, ग्राम पंचायतों, शिक्षण संस्थानों, स्वयं सहायता समूहों, पंचायती राज संस्थाओं और स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि अभियान को व्यापक जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।

|
आज का राशिफल

लेन-देन में स्पष्टता बनाये रखें। घर के सदस्य मदद करेंगे और साथ ही आर्थिक बदहाली से भी मुक्ति मिलने लगेगी। कोई प्रिय वस्तु या नवीन वस्त्राभूषण प्राप्त होंगे। व्यापार व व्यवसाय में स्थिति उत्तम रहेगी। नौकरी में पदोन्नति की संभावना है। राजकीय कार्यों से लाभ। बिगड़ा कार्य बनेगा। शुभांक-3-6-8

आज का मौसम

भोपाल

25° / 31°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़