इंदौर, 03 अगस्त।
इंदौर संभाग के नवनियुक्त संभागायुक्त भास्कर लक्षकार ने सोमवार को पहली विभागीय समीक्षा बैठक में स्कूल शिक्षा, जनजातीय कार्य, स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
बैठक में उन्होंने कहा कि संभाग के सभी जिलों में शिक्षकों और कर्मचारियों के समयमान, वेतनमान, पेंशन तथा जीपीएफ से जुड़े मामलों का नियमानुसार समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही इन विषयों की प्रत्येक तीन माह में नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।
संभागायुक्त ने स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति की निगरानी के लिए लागू ई-अटेंडेंस सिस्टम की समीक्षा करते हुए इसके प्रभावी संचालन के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने को कहा। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अलग कार्ययोजना बनाने तथा स्थानीय समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया।
बैठक में बताया गया कि जुलाई माह में स्कूल शिक्षा विभाग के विद्यालयों में शिक्षकों की औसत उपस्थिति 94 प्रतिशत रही, जबकि जनजातीय कार्य विभाग के विद्यालयों में यह 74 प्रतिशत दर्ज की गई। संभागायुक्त ने विशेष रूप से डार्क जोन क्षेत्रों के स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति की निगरानी मजबूत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए डाइट (DIET) संस्थानों की भूमिका मजबूत करने और प्राचार्यों व व्याख्याताओं के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रणनीति तैयार करने के निर्देश भी दिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान संभागायुक्त ने आयुष्मान भारत योजना के तहत उपचार करने वाले शासकीय अस्पतालों से समय पर क्लेम प्रकरण तैयार कर भेजने के निर्देश दिए, ताकि अस्पतालों को योजना का लाभ मिल सके।
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में उन्होंने लाड़ली लक्ष्मी योजना के अपंजीकृत हितग्राहियों का शीघ्र पंजीयन सुनिश्चित करने तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा।
इसके अलावा पोषण पुनर्वास केंद्रों की व्यवस्था सुदृढ़ करने, बच्चों का नियमित वजन कराने, सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में वर्षा जल संचयन (वॉटर हार्वेस्टिंग) की व्यवस्था सुनिश्चित करने और विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के क्षेत्रीय संचालक डॉ. शॉजी जोसेफ, संयुक्त संचालक डॉ. स्मिता तिवारी, जनजातीय कार्य विभाग के उपायुक्त गणेश भाभर, महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त संचालक सुनीता यादव, स्कूल शिक्षा विभाग की संयुक्त संचालक अनीता चौहान सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

















