जबलपुर, 03 अगस्त।
जबलपुर के घमापुर थाना क्षेत्र स्थित गोपाल होटल इलाके में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात एक घर पर बम हमला किए जाने से क्षेत्र में दहशत फैल गई। मोटरसाइकिल से पहुंचे बदमाशों ने मकान को निशाना बनाकर कई बम फेंके, जिससे दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, गोपाल होटल क्षेत्र में आटा चक्की के पास रहने वाली विध्या पासी अपने घर में सो रही थीं। रात करीब तीन बजे मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और घर पर लगातार बम फेंके। धमाकों से मकान की दीवार को नुकसान पहुंचा और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
विस्फोट की आवाज सुनकर विध्या पासी, उनके परिजन और आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद मौके पर धुआं फैल गया था। आरोप है कि इस दौरान सोनी, नीरज और चिन्ना नाम के युवक हाथों में बम लिए दिखाई दिए। बम फेंकने के बाद उन्होंने लोगों को जान से मारने की धमकी दी और वहां से भाग निकले।
सूचना मिलने पर घमापुर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए। आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
















