बहराइच, 03 अगस्त।
भारत-नेपाल सीमा पर नशे की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रुपईडीहा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 25 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।
प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि रविवार देर रात रुपईडीहा पुलिस और एसएसबी की टीम सीमा क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन के पास भारत-नेपाल सीमा के पिलर संख्या 651/2 के निकट एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान अरशद कुरैशी (25) पुत्र मुस्तफा कुरैशी, निवासी चिकवन मोहल्ला, मुनीरगंज भट्ठा, थाना रुपईडीहा, जनपद बहराइच के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 25 ग्राम अवैध स्मैक और एक रियलमी एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया गया।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपित के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश करने के लिए बहराइच भेज दिया गया।

















