नई दिल्ली, 03 अगस्त।
अमेरिका के यूजीन में 5 से 9 अगस्त तक आयोजित होने वाली विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप 2026 के लिए भारत की 36 सदस्यीय टीम घोषित कर दी गई है। भारतीय दल में 23 पुरुष और 13 महिला एथलीट शामिल हैं, जो कुल 18 स्पर्धाओं में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
पुरुष वर्ग में मोहम्मद अशफाक, पीयूष राज (400 मीटर), वेंकटराम रेड्डी मोगाली, उविन आनंद (800 मीटर), अमित कुमार (400 मीटर बाधा दौड़), बसंत और अम्ब्रीश कार्तिकेयन (ऊंची कूद), शाहनवाज खान और जितिन अर्जुनन रमन (लंबी कूद), रॉयशन चंद्रशेखर और धनुष राज मनप्पट्टी (त्रिकूद), निश्चय (डिस्कस थ्रो), आशीष यादव और धरनीधरन थियागराजन (भाला फेंक) तथा नितिन गुप्ता (5000 मीटर रेस वॉक) को टीम में जगह मिली है।
पुरुष 4x100 मीटर रिले टीम में अंशु राजक, आदित्य तात्या पिसाल, निवेद कृष्णा ज्योतिप्रकाश, नील समराज और रुद्र सचिन शिंदे शामिल हैं। वहीं, 4x400 मीटर रिले टीम में रंजीत कुमार, सबीर सैयद और नकुल प्रभु भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
महिला वर्ग में तनु चौधरी (400 मीटर बाधा दौड़), पूजा (ऊंची कूद), अंशु (गोला फेंक), अमानत कंबोज (डिस्कस थ्रो) और पूनम (भाला फेंक) भारतीय टीम की प्रमुख खिलाड़ी होंगी।
महिला 4x100 मीटर रिले टीम में आरती, भावना गणेश कुमार, काजल हीराबाई वाजा, रुजुला अमोल भोंसले और अनन्या सुरेश को शामिल किया गया है। वहीं, महिला 4x400 मीटर रिले टीम में तहुरा खातून, भूमिका संजय नेहाते और थिया अरुमुगम जगह बनाने में सफल रही हैं।
विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप को युवा खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण मंच माना जाता है। भारतीय एथलीट इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर भविष्य के बड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश करने का प्रयास करेंगे।

















