सुलतानपुर, 03 अगस्त।
सुलतानपुर जिले के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए सड़क हादसे में दो युवतियों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार की टक्कर से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, पार्वती (22) पुत्री लालू निषाद और मनकी (21) पुत्री ओमप्रकाश निषाद सैफुल्लागंज से टाटियानगर चौराहे की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही अनियंत्रित स्विफ्ट डिजायर कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया। अस्पताल में पहले पार्वती को मृत घोषित किया गया, जबकि उपचार के दौरान मनकी ने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया है। हालांकि, हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस पंचनामा की कार्रवाई कर रही है। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा। क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और फरार चालक को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

















