भोपाल, 03 अगस्त।
मध्य प्रदेश पुलिस की मानवाधिकार आधारित और जन-केंद्रित पुलिसिंग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। डीआईजी डॉ. विनीत कपूर ने संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित विश्व मानवाधिकार शिखर सम्मेलन में मध्य प्रदेश पुलिस का प्रतिनिधित्व किया, जहां उन्हें ह्यूमन राइट हीरो अवार्ड से सम्मानित किया गया।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के मार्गदर्शन में मानवाधिकार आधारित पुलिसिंग और सामुदायिक सहभागिता को लेकर किए गए नवाचारों को वैश्विक मंच पर सराहना मिली। सम्मेलन में 70 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों, नीति-निर्माताओं, पुलिस अधिकारियों, शिक्षाविदों और मानवाधिकार विशेषज्ञों की मौजूदगी में डॉ. विनीत कपूर ने मध्य प्रदेश पुलिस के जन-केंद्रित मॉडल और प्रशिक्षण प्रणाली की जानकारी साझा की।
अपने संबोधन में डॉ. कपूर ने कहा कि मध्य प्रदेश पुलिस ने भारतीय संविधान की मूल भावना और मानवाधिकारों के सार्वभौमिक सिद्धांतों को पुलिस प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण और कार्यप्रणाली का अभिन्न हिस्सा बनाया है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित पुलिसिंग ही प्रभावी कानून-व्यवस्था तथा जनविश्वास की मजबूत आधारशिला है।
उन्होंने महिला हेल्प डेस्क, शक्ति समितियां और प्रोजेक्ट सृजन जैसी सामुदायिक पुलिसिंग पहलों का उल्लेख करते हुए बताया कि इन प्रयासों से महिलाओं, बच्चों और वंचित वर्गों तक न्याय की पहुंच मजबूत हुई है। सम्मेलन में इन पहलों को सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी-16) के अनुरूप प्रभावी और अनुकरणीय मॉडल के रूप में सराहा गया।
डॉ. विनीत कपूर ने मध्य प्रदेश पुलिस के राज्यव्यापी "नशे से दूरी है ज़रूरी" अभियान की भी जानकारी दी और विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों से नशामुक्ति का संदेश आगे बढ़ाने का आग्रह किया। सम्मेलन में मौजूद प्रतिनिधियों और मानवाधिकार विशेषज्ञों ने इस जनजागरूकता अभियान की प्रशंसा करते हुए इसे समाजहित में प्रभावी पहल बताया।
सम्मेलन के दौरान मध्य प्रदेश पुलिस की मानवाधिकार उन्मुख प्रशिक्षण व्यवस्था, क्षमता निर्माण, सामुदायिक भागीदारी और जन-केंद्रित पुलिसिंग मॉडल की व्यापक सराहना की गई। विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों ने इसे आधुनिक लोकतांत्रिक पुलिसिंग का प्रभावी उदाहरण बताते हुए वैश्विक स्तर पर साझा किए जाने योग्य मॉडल करार दिया।
मानवाधिकार शिक्षा, पुलिस प्रशिक्षण और सामुदायिक जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. विनीत कपूर को ह्यूमन राइट हीरो अवार्ड प्रदान किया गया। इसे उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ-साथ मध्य प्रदेश पुलिस की संवेदनशील, मानवीय और नागरिक-केंद्रित कार्यशैली को मिली अंतरराष्ट्रीय मान्यता के रूप में देखा जा रहा है।

















